नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित युवक गिरफ्तार
रायबरेली गदागंज थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जबकि बरामद नाबालिग किशोरी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत संरक्षण में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए सोनू पाल पुत्र रामखेलावन पाल, निवासी ग्राम बहरामपुर मजरा नारायनपुर बन्ना, थाना गदागंज, जनपद रायबरेली के खिलाफ तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर गदागंज पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गदागंज थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम बहरामपुर मजरा नारायनपुर बन्ना के पास से वांछित अभियुक्त सोनू पाल को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने बताया कि दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है।