₹50 हजार की रिश्वत लेते GST की डिप्टी कमिश्नर गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोचा।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की वाराणसी इकाई ने राज्य कर (GST) विभाग, सेक्टर-6 की डिप्टी कमिश्नर अंबिका को ₹50,000 की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एक कंपनी की फाइल के निस्तारण तथा फरवरी 2023 के GST रिटर्न से जुड़े मामले में डिप्टी कमिश्नर पर रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
गुरुवार को चेतगंज स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास जैसे ही आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से ₹50,000 की रिश्वत ली, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने आरोपी अधिकारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पूछताछ जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार डिप्टी कमिश्नर अंबिका अगले दो से तीन महीनों में सेवानिवृत्त होने वाली थीं। इस कार्रवाई के बाद राज्य कर विभाग में भी हलचल तेज हो गई है।