शाहजहाँपुर पुलिस ने लौटाए 201 गुम मोबाइल, 47 लाख रुपये के फोन मालिकों को किए सुपुर्द।

शाहजहाँपुर, 19 जुलाई। शाहजहाँपुर पुलिस की सर्विलांस सेल/एसओजी और जनपद के विभिन्न थानों पर संचालित साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 201 गुम हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द किए गए। इस दौरान मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और शाहजहाँपुर पुलिस के कार्य की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, गुम हुए मोबाइलों की शिकायतें लोगों द्वारा ऑनलाइन पोर्टल अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई जाती हैं। सर्विलांस सेल इन शिकायतों की लगातार तकनीकी निगरानी कर मोबाइलों का पता लगाती है। इसी अभियान के तहत 201 मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों तक पहुंचाए गए।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल निकटतम थाने, साइबर हेल्प डेस्क अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। साथ ही भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराकर उसकी रिपोर्ट दर्ज करें, जिससे मोबाइल के दुरुपयोग पर रोक लग सके और उसकी शीघ्र बरामदगी संभव हो सके।
उन्होंने लोगों से मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने, सिम तुरंत बंद कराकर दोबारा जारी कराने तथा किसी भी अनजान लिंक या व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की भी अपील की।
इस अभियान में सर्विलांस सेल/एसओजी के प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार सहित सर्विलांस टीम एवं जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात साइबर हेल्प डेस्क के कंप्यूटर ऑपरेटरों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।