कांवड़ यात्रा को लेकर अल्हागंज में पुलिस अलर्ट, सीओ जलालाबाद ने किया पैदल गश्त व सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण।

शाहजहाँपुर, 20 जुलाई। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ने सोमवार को थाना अल्हागंज पुलिस के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी ने भीड़-भाड़ वाले स्थानों, कांवड़ यात्रा मार्ग तथा जनपद सीमा (बॉर्डर) का निरीक्षण किया। उन्होंने बॉर्डर पर सुरक्षा एवं चेकिंग व्यवस्था का अवलोकन करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावी चेकिंग, सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर उपलब्ध आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी, संवेदनशीलता और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।