आर्य महिला डिग्री कॉलेज में नशा मुक्ति अभियान का आयोजन, युवाओं को किया गया जागरूक।
शाहजहाँपुर, 21 जुलाई 2026। मेरा युवा भारत (MY Bharat) शाहजहाँपुर के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडेय के नेतृत्व में मंगलवार को आर्य महिला डिग्री कॉलेज, शाहजहाँपुर में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए हर्ष पांडेय ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य पर एक बुरी परछाई की तरह मंडरा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सुरचना त्रिवेदी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की कार्यक्रम अधिकारी अनुराधा तथा पारुल यादव उपस्थित रहीं। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. सुरचना त्रिवेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा देश को भीतर ही भीतर खोखला बना रहा है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना, आर्य महिला डिग्री कॉलेज की स्वयंसेवकों के साथ-साथ मेरा युवा भारत शाहजहाँपुर के स्वयंसेवक दिव्यांश मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।