रायबरेली में सपा का जोरदार प्रदर्शन, अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में सोमवार को रायबरेली में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की तस्वीर के साथ धक्का-मुक्की करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सीओ सिटी आशीष निगम, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार तथा शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह ने पुलिस बल की मदद से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। इस दौरान कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन पुलिस की सतर्कता से किसी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया गया।
घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।