परिवार परामर्श केंद्र में दो बिछड़े दंपतियों का हुआ समझौता, 20 मामलों की सुनवाई।

शाहजहाँपुर, 22 जुलाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बुधवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित काउंसलिंग के दौरान कुल 20 मामलों की सुनवाई की गई। प्रभावी परामर्श और आपसी बातचीत के बाद दो दंपतियों के बीच समझौता करा कर उन्हें सकुशल विदा किया गया।
पहला मामला थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र का था। लगभग 10 वर्ष पूर्व विवाह करने वाले दंपति के बीच आर्थिक कारणों से विवाद चल रहा था। पत्नी पिछले तीन वर्षों से मायके में रह रही थी। काउंसलिंग के दौरान पति ने पत्नी का पूरा खर्च उठाने और साथ रखने का भरोसा दिया तथा कुछ समय की मांग की। दोनों पक्षों की सहमति से समझौता हो गया और दंपति साथ रहने के लिए राजी हो गया।
दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का था। करीब आठ वर्ष पहले विवाह हुआ था, लेकिन पत्नी विवाह के बाद केवल एक-दो माह ही ससुराल में रह सकी। पत्नी ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और खर्च न देने का आरोप लगाया। परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई, जिसके बाद पति ने पत्नी की देखभाल और पूरा खर्च वहन करने का आश्वासन दिया। आपसी सहमति बनने पर दोनों को साथ रहने के लिए विदा किया गया।
परिवार परामर्श केंद्र में प्रभारी महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी नेहा चौहान, शीतल चौहान, निशा मिश्रा, रश्मि चौधरी और पिंकी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।