स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में चला ‘माय भारत’ युवा पंजीकरण अभियान।
शाहजहाँपुर, 22 जुलाई 2026। मेरा युवा भारत (माय भारत) के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडेय एवं करन शर्मा द्वारा बुधवार को स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज में युवा पंजीकरण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और माय भारत पोर्टल से जुड़ने में रुचि दिखाई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडेय ने विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल के माध्यम से मिलने वाले विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पोर्टल से जुड़कर युवा संसद कार्यक्रम, अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम, पुलिस एक्सपेरिमेंटल लर्निंग प्रोग्राम सहित अनेक राष्ट्रीय गतिविधियों में भाग ले सकते हैं। साथ ही उन्होंने निबंध, भाषण, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में माय भारत पोर्टल से जुड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं एवं युवा विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा भविष्य में माय भारत के विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़कर अपनी प्रतिभा को निखारने और देश की सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में योगदान देने की इच्छा व्यक्त की।