परशुरामपुरी नामकरण पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का बड़ा ऐलान, जलालाबाद में जनसभा को किया संबोधित।
शाहजहांपुर, 22 जुलाई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश
पाठक ने बुधवार को शाहजहांपुर की तहसील जलालाबाद पहुंचकर भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना की और रामताल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि भगवान परशुराम की जन्मस्थली अब ‘परशुरामपुरी’ के नाम से जानी जाएगी।
मंदिर में महंत सत्यदेव पांडेय के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न हुई। उपमुख्यमंत्री ने नैमिषारण्य से आए संस्कृत विद्यालय के बटुकों का तिलक कर अंगवस्त्र एवं दक्षिणा देकर सम्मान किया तथा मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जनसभा को संबोधित करते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को उनके गौरवशाली इतिहास के अनुरूप पहचान मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जलालाबाद का नाम परशुरामपुरी किए जाने पर खुशी जताते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने परशुरामपुरी को एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही और नगर पालिका, तहसील व विकासखंड का नाम भी परशुरामपुरी किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से लोगों में उत्साह है। उन्होंने भविष्य में तहसील और विधानसभा क्षेत्र का नाम भी परशुरामपुरी किए जाने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, महापौर अर्चना वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।