कांवड़ यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मांस-अंडे की दुकानें बंद करने के आदेश।

शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत शाहजहांपुर में प्रशासन खाद्य पदार्थों की शुद्धता और स्वच्छता को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी एवं सहायक आयुक्त (खाद्य)-ग्रेड-2 के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीमों ने जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों, ढाबों, रेस्टोरेंटों, स्वीट हाउस और फल-खानपान के ठेलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
कांवड़ मार्गों पर मांस-अंडे की बिक्री पर सख्त रोक लगाते हुए विभाग ने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले प्रमुख इलाकों जैसे—केरूगंज, पुत्तूलाल चौराहा, चारखम्बा, अजीजगंज, बरेली मोड, कॉट रोड और जमौर में श्रावण मास के दौरान मांस और अंडे की सभी दुकानों को पूर्ण रूप से बंद रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
फूड सेफ्टी ऐप और रेट लिस्ट अनिवार्य कार्रवाई के दौरान टीमों ने दुकानों और प्रतिष्ठानों के मुख्य स्थानों पर लाइसेंस/पंजीकरण, मूल्य सूची (रेट लिस्ट) और ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप’ का QR कोड व हेल्पलाइन नंबर चस्पा कराया। इस ऐप के जरिए उपभोक्ता खाद्य दुकानों से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ किसी भी तरह की मिलावट या अव्यवस्था की शिकायत सीधे दर्ज करा सकेंगे।
जांच टीम ने दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए कि वे केवल ताजा भोजन, हरी सब्जियां और सीलबंद मसालों का उपयोग किया जाए। बासी खाना बेचने या अगले समय के लिए स्टोर करने पर पूरी तरह रोक रहेगी। अमानक या अखाद्य रंगों और खुले मसालों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। कटे व सड़े-गले फल बेचने पर पाबंदी रहेगी, केवल ताजे फल ही बेचे जा सकेंगे।
साथ ही चाट-पकौड़ी और मिष्ठान भंडारों पर सी०सी०टी०वी० की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने व स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मोहम्मदी रोड, कॉट रोड, बरेली मोड, बारा पत्थर, याकूबपुर तिराहा, कोला तिराहा, केरूगंज चौराहा, अहमदपुर रेती, गर्रा फाटक, अजीजगंज और जिला अस्पताल परिसर के आसपास स्थित दर्जनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
इस प्रवर्तन कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेन्द्र कुमार, वरूण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार, मनोज कुमार और डॉ. विवेक कुमार वर्मा शामिल रहे।