शाहजहाँपुर के स्कूल में NDRF ने सिखाए जीवनरक्षक गुर: बाढ़ बचाव, CPR और प्राथमिक उपचार का दिया प्रशिक्षण।

शाहजहाँपुर। मानसून पूर्व तैनाती (Pre-Monsoon Deployment) के अंतर्गत शाहजहाँपुर के हनुमतधाम आश्रय भवन में तैनात राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 8वीं वाहिनी द्वारा सामुदायिक जागरूकता और आपदा प्रबंधन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सदर स्थित माधव राव सिंधिया पब्लिक स्कूल में आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार (First Aid) पर एक विशेष प्रशिक्षण सह-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
NDRF निरीक्षक शिवकली धुर्वे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रीमती शालिनी प्रजापति की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत और सुरक्षित प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान NDRF की प्रशिक्षित टीम ने किसी भी आपात स्थिति या आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन (Live Demonstration) कियाl
प्राथमिक चिकित्सा एवं CPR, अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने, फ्रैक्चर की स्थिति में स्प्लिंटिंग (Splinting), गले में सांस रुकने (FBAO) पर बचाव और सांस या दिल की धड़कन रुकने पर सीपीआर (CPR) देने की विधि सिखाई गई। अस्थायी उपकरण निर्माण: बाढ़ की स्थिति में आसपास उपलब्ध सामान्य घरेलू सामानों की मदद से फ्लोटिंग उपकरण (Flood Improvised Devices) बनाने का तरीका बताया गया। सुरक्षित निकासी (Evacuation):आपदा के दौरान भवनों से आपातकालीन व गैर-आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने के तरीकों का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और NDRF जवानों के मार्गदर्शन में खुद भी इन तकनीकों का अभ्यास किया। NDRF अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजनों से आम जनमानस में आपदाओं के प्रति जागरूकता आती है और नागरिक संकट के समय आत्मनिर्भर बनकर स्वयं और दूसरों की रक्षा कर पाते हैं।