जन्मदिन पर ‘माँ के नाम रक्तदान’, रेड क्रॉस का जनजागरूकता अभियान शुरू।
शाहजहाँपुर। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जनपद शाहजहाँपुर द्वारा जन्मदिन के अवसर पर समाजोपयोगी संदेश देने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की शुरुआत की गई है। संस्था के आजीवन सदस्य अग्रज जौहरी ने अपने जन्मदिवस पर शासकीय मेडिकल कॉलेज के रक्तकोष विभाग में स्वैच्छिक रक्तदान कर युवाओं के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर “माँ ने दिया जीवनदान, हम दें रक्तदान” जनजागरूकता अभियान का आधिकारिक शुभारंभ किया गया।
रक्तदान के पश्चात अग्रज जौहरी ने प्राप्त प्रमाण-पत्र को रक्तकोष विभागाध्यक्ष डॉ. जीतू राज सिंह को वापस सौंपते हुए कहा, “यदि मेरा यह रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सके, तो यही मेरे जीवन का सबसे बड़ा उपहार होगा।”अभियान की सराहना करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. जीतू राज सिंह ने कहा कि “जन्मदिन पर ‘माँ के नाम रक्तदान’ यही सबसे सुंदर उपहार, यही सच्चा सम्मान।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्वों को निभाने का श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने कहा कि माता गर्भावस्था और प्रसव की कठिन पीड़ा सहकर शिशु को जन्म देती है। इसी त्याग, ममता और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ‘जन्मदिवस पर रक्तदान’ का संकल्प एक उत्कृष्ट सामाजिक संदेश है। यदि प्रत्येक स्वस्थ युवा अपने जन्मदिन पर रक्तदान करे, तो मातृऋण के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
डॉ. जौहरी ने बताया कि एक यूनिट रक्त दुर्घटनाग्रस्त मरीजों, गंभीर शल्य चिकित्सा, प्रसूति (प्रसव) मामलों, थैलेसीमिया और अन्य बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होता है। यदि युवा इस अभियान से जुड़ें तो रक्त की कमी की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो सकती है।कार्यक्रम के अंत में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अग्रज जौहरी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके इस प्रेरणादायक कार्य की सराहना की।