गुरु पूर्णिमा पर गंगा आरती एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।

शाहजहांपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिला गंगा समिति के तत्वावधान में राजघाट (गर्रा नदी) पर गंगा-गो-प्रकृति एवं स्वदेशी जनसंकल्प अभियान के अंतर्गत मासिक गंगा आरती का आयोजन किया गया। प्रत्येक पूर्णिमा को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला गंगा समिति के सदस्य एवं उद्योगपति अशोक अग्रवाल तथा भोर फाउंडेशन की अध्यक्ष स्वाति सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान गंगा आरती और गौ पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा एवं प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि अशोक अग्रवाल ने कहा कि गंगा आरती का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि नदियों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देना भी है। वहीं स्वाति सिंह ने ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए लोगों से गंगा, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने “गंगा आरती से जनजागरण तक, श्रद्धा से सेवा तक और सेवा से स्वावलंबन तक” के संदेश के साथ गंगा एवं प्रकृति की रक्षा का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेविका सावित्री शर्मा, शिवनंदन सागर, सुशील वर्मा, प्रमोद सक्सेना, राजू बग्गा, मदन कश्यप, जगजीत शर्मा, प्रिंस भटनागर, शिवम वर्मा, राखी कश्यप, अनुराधा, रेणु देवी सहित अनेक श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने नमामि गंगे परियोजना से जुड़े अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया।