हत्या के आरोपी ने बरामदगी के दौरान पुलिस पर किया जानलेवा हमला, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली।
शाहजहांपुर, 1 अगस्त। थाना कांट क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी ने घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में हुई पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि एक सिपाही भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को प्रहलादपुर कमलनैनपुर निवासी चन्द्रपाल ने थाना कांट में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि समीर पुत्र लियाकत अली निवासी गढ़ी पूर्वी, थाना कांट तथा उसके तीन अन्य साथियों ने उसके पुत्र गौतम पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में थाना कांट पर मुकदमा संख्या 367/2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर समीर को गिरफ्तार कर लिया गया था।
शनिवार देर रात पुलिस टीम आरोपी समीर को घटना में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के लिए उसके बताए स्थान जंगल ग्राम दिलावरपुर लेकर गई। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान आरोपी ने झाड़ियों में छिपा चाकू निकालकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया और भागने का प्रयास किया। हमले में एक आरक्षी के बाएं हाथ में चोट आई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली आरोपी समीर के दाहिने पैर में लगी। घायल आरोपी और आरक्षी को पहले सीएचसी कांट ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों का उपचार जारी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।