राजकीय महाविद्यालय तिलहर में फाइलेरिया जागरूकता एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित।

शाहजहाँपुर/तिलहर। आगामी एमडीए-26 (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) अभियान के सफल संचालन, जनसहभागिता और युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पं॰ दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय, शाहजहाँपुर में फाइलेरिया जागरूकता एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ॰ सरन पाल सिंह एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ॰ शशिभूषण के साथ प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में डिविजनल ऑफिसर सुश्री अनीता सिंह, फाइलेरिया इंस्पेक्टर श्री अंकुर कुमार तथा डीसी पाथ श्री नवीन कुमार ने एमडीए-26 अभियान के प्रभावी संचालन और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की।
इसके पश्चात आयोजित ओरिएंटेशन सत्र में पीसीआई इंडिया (शाहजहाँपुर) की डिविजनल ऑफिसर सुश्री अनीता सिंह ने विद्यार्थियों को लिम्फेटिक फाइलेरिया (हाथीपाँव) के कारण, लक्षण एवं बचाव के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने एमडीए-26 अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से अपील की कि वे समाज में पात्र नागरिकों को फाइलेरिया रोधी दवा सेवन के लिए प्रेरित करें और व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाएं।
सत्र में पाथ (PATH) के प्रतिनिधि श्री नवीन कुमार ने ‘मॉर्बिडिटी मैनेजमेंट एवं डिसएबिलिटी प्रिवेंशन’ (MMDP) विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने हाथीपाँव से प्रभावित मरीजों की नियमित देखभाल, स्वच्छता, अंगों की सफाई, व्यायाम तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही उपचार सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवी दीपिका सिंह, नयनसी, राखी वर्मा, शिवानी, सेजल, निकिता, अक्सा, इलमा, मधु, नाज़िम, आकाश, उपदेश, प्रिया सिंह, दानिश, सदफ़, बुशरा, अंजली सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ॰ सरनपाल सिंह ने अभियान की सफलता के लिए सभी को शुभकामनाएँ दीं और विद्यार्थियों से जन-जागरूकता में बढ़-चढ़कर योगदान देने का आह्वान किया।