रायबरेली में चोरों का दुस्साहस: एक ही रात में पांच सर्राफा दुकानों के शटर तोड़कर 10 लाख से अधिक की चोरी
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहे पर बीती रात चोरों ने पुलिस गश्त को खुली चुनौती देते हुए एक साथ पांच सर्राफा दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर करीब 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो शटर टूटे देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
सूचना मिलने पर मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में साक्ष्य जुटाने और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।