गदागंज व्यापार मंडल अध्यक्ष इंतजार सिंह की अगुवाई में व्यापारियों ने की अहम बैठक
रायबरेली गदागंज कस्बे में शनिवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष इंतजार सिंह की अध्यक्षता में व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने कस्बे की बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर चर्चा की और उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई। बैठक में जिला उपाध्यक्ष रामविलास जायसवाल भी मौजूद रहे।
बैठक में व्यापारियों ने बताया कि गदागंज चौराहे पर सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं है, जिससे व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कस्बे में लगे अधिकांश इंडिया मार्का नल खराब पड़े हैं और सांसद निधि से लगाई गई पानी की टंकी की सप्लाई भी बंद है। व्यापारियों ने पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
व्यापारियों ने मुख्य चौराहे पर स्थानीय पुलिस द्वारा चेकिंग लगाए जाने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि सोमवार और शुक्रवार को बाजार के दिन चौराहे पर चेकिंग होने से आवागमन प्रभावित होता है। व्यापारियों ने मांग की कि इन दोनों बाजार के दिनों में मुख्य चौराहे पर पुलिस चेकिंग न लगाई जाए।
वहीं विद्युत कटौती को लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। व्यापारियों ने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा लगातार बिजली कटौती किए जाने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने पर्याप्त और नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की।
बैठक में गदागंज चौराहे से जलालपुर धई जाने वाली सड़क की मरम्मत कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। व्यापारियों ने कहा कि सड़क की हालत खराब होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष इंतजार सिंह, जिला उपाध्यक्ष रामविलास जायसवाल, अनिल सविता, समर बहादुर सिंह, पप्पू गुप्ता, बबलू गुप्ता, अमित मौर्य, राहुल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कस्बे के व्यापारी मौजूद रहे।