जल निकासी के अभाव में पानी में डूबा सरकारी हैंडपंप, दूषित पानी पीने को मजबूर राहगीर
रायबरेली। विकास खंड दीन शाह गौरा की किशोरी बालमपुर ग्राम सभा में गदागंज थाने के सामने सुनील पान भंडार के बगल में लगा सरकारी हैंडपंप इन दिनों जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। पूरी बरसात का पानी हैंडपंप के आसपास जमा होने के कारण वह पानी में डूबा हुआ है।
जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से हैंडपंप के आसपास गंदा और दूषित पानी भरा हुआ है। इसके बावजूद थाने आने वाले फरियादी, राहगीर और स्थानीय लोग इसी हैंडपंप का पानी पीने को मजबूर हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों की ओर से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और हैंडपंप को जलभराव से मुक्त कराने की मांग की है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।