PDA महापंचायत में गरजे नसीमुद्दीन सिद्दीकी, बोले- 2027 में पूर्ण बहुमत से बनेगी सपा सरकार
रायबरेली। रायबरेली के एशिया लोन में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित PDA महापंचायत में पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम का आयोजन सपा नेत्री पूनम सिंह की ओर से किया गया। कार्यक्रम की संयोजक पूनम सिंह रहीं, जबकि अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने की।
महापंचायत को संबोधित करते हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि PDA का उद्देश्य समाज में वैमनस्यता को खत्म कर भाईचारा और मानवता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं और नई दुल्हनों के वोट बनवाने का अभियान चलाएगी तथा वोट चोरी रोकने के लिए भी पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे।
ओवैसी के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में सपा नेता ने कहा कि “मेरी तहजीब वैसी भाषा बोलने की इजाजत नहीं देती।” वहीं गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियां बनती-बिगड़ती रहती हैं। गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला समाजवादी पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व ही करेगा।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार पर चुनाव में वोटों की चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि PDA इसी मुद्दे को लेकर महापंचायतों के जरिए जनता के बीच जा रहा है। चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी बात लगातार रख रही है और ज्ञानेश कुमार को हटाने तथा बर्खास्त किए जाने की मांग भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा बढ़ाने के लिए जल्द ही समाजवादी पार्टी का रथ निकलेगा, जो गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को जोड़ने का काम करेगा।
ओम प्रकाश राजभर और संजय निषाद को लेकर पूछे गए सवाल पर सपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि जब वे लोग गठबंधन करते हैं तो उनसे इस तरह के सवाल नहीं पूछे जाते। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का गठबंधन भी समय आने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष तय करेंगे।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और भाजपा सरकार को हटाने के लिए पार्टी पूरी ताकत से काम करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार सभी जातियों को साथ लेकर चलने वाली सरकार है और समाज के हर वर्ग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी