मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं पर टूटा करंट का कहर, चार झुलसे
सरेनी में ट्रैक्टर पर लगे झंडे के हाईटेंशन लाइन से छूने पर हुआ हादसा, तीन की हालत गंभीर
सरेनी रायबरेली मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार का दिन हादसे में बदल गया। सरेनी-लालगंज मुख्य मार्ग पर सिटकिहा बाबा मंदिर के पास इंडेन गैस गोदाम के निकट ट्रैक्टर पर सवार चार श्रद्धालु हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरेनी पहुंचाया गया, जहां तीन की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ठंगैचा गांव निवासी मोहित पुत्र सुरेश, राजेश्वरी पत्नी जितेंद्र, अनुज पुत्र रमेश और शिखा पत्नी पृथ्वीराज मंगलवार को संवरैया नदी में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित करने के बाद ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर पर लगे स्टील के पोल में बंधा झंडा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर सवार चारों श्रद्धालु करंट की चपेट में आ गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों को तत्काल सीएचसी सरेनी ले जाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभम सिंह ने बताया कि करंट से झुलसे दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें मोहित, राजेश्वरी और अनुज की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि शिखा की हालत ठीक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
प्रतिमा विसर्जन के बाद हुए इस हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।