रायबरेली में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू, सुरक्षा व्यवस्था का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
रायबरेली। जिले में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 6 जोनल मजिस्ट्रेट और 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल भी लगाया गया है।
जिले में स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए करीब 29 हजार मतदाता, जबकि शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 4,300 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव मैदान में शिक्षक एमएलसी सीट के लिए 13 प्रत्याशी और स्नातक एमएलसी सीट के लिए 16 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं मतदान को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। अधिकारियों द्वारा मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है