मिर्जापुर पुलिस ने चोरी की बाइक खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार, 7 मोटरसाइकिलें बरामद।

शाहजहाँपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी जलालाबाद के पर्यवेक्षण में थाना मिर्जापुर पुलिस गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बहरिया स्थित सरकारी स्कूल मोड़ पर तीन व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में खड़े हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान शादाब पुत्र शमशाद, शवाब पुत्र शमशाद निवासी ग्राम बहरिया तथा शिवम पुत्र जितेंद्र यादव निवासी ग्राम भरतापुर, थाना मिर्जापुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें स्प्लेंडर प्लस, सुपर स्प्लेंडर, हीरो एचएफ डीलक्स, हीरो होंडा स्प्लेंडर तथा यामाहा एफजेड जैसी बाइकें शामिल हैं। कई मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट गायब या बदली हुई मिली, जबकि एक बाइक का इंजन भी नहीं था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कलान क्षेत्र के एक व्यक्ति से चोरी की मोटरसाइकिलें कम कीमत पर खरीदते थे। इसके बाद उनकी मरम्मत कर नंबर प्लेट बदलकर अधिक कीमत पर बेच देते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों तथा चोरी की मोटरसाइकिलों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
इस संबंध में थाना मिर्जापुर में मुकदमा अपराध संख्या 148/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।