रायबरेली में महिला पत्रकार पर दबंगों का हमला, पत्रकारों में आक्रोश; मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग
रायबरेली जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र में एक महिला पत्रकार पर कथित रूप से हुए हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों में रोष व्याप्त है। बड़ी संख्या में पत्रकार महराजगंज थाने पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन महराजगंज की अध्यक्ष एवं महिला पत्रकार सोनी किसी कार्य से चंदापुर चौराहे गई थीं। वापस लौटते समय वह महराजगंज थाना क्षेत्र स्थित मौर्या बाग के पास एक दुकान पर रुकीं। आरोप है कि इसी दौरान पहले से मौजूद एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोग ‘लकड़ी जादूगर’ के नाम से जानते हैं, अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोगों के बीच हाथापाई और विवाद होता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पीड़ित महिला पत्रकार का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने महराजगंज थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पत्रकार थाने पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की।