श्रावण मास कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, एएसपी आलोक सिंह ने किया कांवड़ मार्ग व घाट का निरीक्षण
रायबरेली। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बछरावां थाना क्षेत्र के कांवड़ मार्ग एवं प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।
इसके अलावा एएसपी आलोक सिंह ने भंवरेश्वर मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्रावण मास कांवड़ यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।