महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर उठे सवाल, 6 लाख अभ्यर्थी नई परीक्षा तिथि का कर रहे इंतजार।
मुंबई। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द किए जाने से करीब छह लाख अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया। परीक्षा रद्द हुए दो सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक नई परीक्षा तिथि की घोषणा नहीं की गई । इससे अभ्यर्थियों में भारी असमंजस और नाराजगी है।
बताया जा रहा है कि मामले को लेकर आवाज उठाते हुए कहा गया है कि पेपर लीक के दोषी अब भी खुले घूम रहे हैं, जबकि ईमानदारी से वर्षों तक तैयारी करने वाले लाखों अभ्यर्थियों को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है। अभ्यर्थियों ने परीक्षा की तैयारी में लंबा समय लगाया, आवेदन शुल्क जमा किया और दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, लेकिन अब उन्हें बिना किसी स्पष्ट जानकारी के इंतजार करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार वहीं इस मामले में मुख्यमंत्री से तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं। पहली, महाराष्ट्र TET की नई परीक्षा तिथि तत्काल घोषित की जाए। दूसरी, पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अभ्यर्थियों को परेशान न किया जाए। तीसरी, पेपर लीक के कारण जिन उम्मीदवारों का एक वर्ष प्रभावित हुआ है, उन्हें आयु सीमा में छूट प्रदान की जाए।
इस मुद्दे पर यह भी कहा गया कि संस्थागत लापरवाही का खामियाजा अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना चाहिए। पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता है, ताकि युवाओं को उनकी मेहनत का उचित परिणाम मिल सके।
साथ ही जानकारी दी गई कि 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में देशभर में बढ़ती पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।