बिना मान्यता के चल रहे स्कूल की जीप पलटी, 17 बच्चे थे सवार, एक घायल।
Oplus_16908288Oplus_16908288
जहानागंज/आजमगढ़। क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लपसीपुर स्थित मां लालती देवी शिक्षा निकेतन की बच्चों से भरी जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। जीप में 17 बच्चे सवार थे, जिनमें 8 वर्षीय आदित्य घायल हो गया। उसे उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, चक्रपानपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर और कंधे में चोट की पुष्टि की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल की जीप भुजही गांव से बच्चों को लेकर दौलताबाद की ओर जा रही थी। महाबलपुर-भुजही मोड़ पर अचानक सामने आई स्कूटी को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, लेकिन बारिश के कारण सड़क पर बने गड्ढे में जीप पलट गई।
जांच में सामने आया कि मां लालती देवी शिक्षा निकेतन बिना मान्यता के संचालित हो रहा था। जिस वाहन से बच्चों को लाया-ले जाया जा रहा था, वह स्कूल प्रबंधक का निजी वाहन था और सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था।
बताया जा रहा है कि बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार, वर्ष 2025 में विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीएसए ने नोटिस जारी किया था। बीईओ द्वारा निरीक्षण के दौरान स्कूल में ताला भी लगवाया गया था और विद्यालय पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इसके बावजूद स्कूल का संचालन जारी रहा।
चर्चा है कि बीएसए राजीव पाठक ने बताया कि विद्यालय कई वर्षों से बिना मान्यता के संचालित हो रहा था। कई नोटिस और जुर्माने के बावजूद प्रबंधन ने संचालन बंद नहीं किया। अब स्कूल प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विद्यालय को बंद कराया जाएगा।
वहीं एआरटीओ अतुल यादव ने बताया कि बच्चों के परिवहन के लिए निजी वाहन का उपयोग किया जा रहा था। स्कूल प्रबंधक संजय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विद्यालय की मान्यता संबंधी कार्रवाई के लिए बीएसए को भी पत्र भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि 9 जुलाई को देवगांव थाना क्षेत्र में स्कूली बच्चों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें एक छात्र की गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा और बिना मान्यता संचालित विद्यालयों पर प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।