तिलहर में कांग्रेस ने ईओ को सौंपा ज्ञापन, तिरंगा पुनः लगाने और खराब वाटर फ्रीजर दुरुस्त कराने की मांग।
शाहजहांपुर/तिलहर। नगर में कांग्रेस पदाधिकारियों ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पीरगाह तालाब के सामने स्थित सेल्फी प्वाइंट पर लगाया गया राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) कई महीने पहले फट जाने के कारण हटा दिया गया था, लेकिन आज तक उसकी जगह नया तिरंगा नहीं लगाया गया। उन्होंने मांग की कि राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ शीघ्र पुनः स्थापित कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 15 अगस्त 2026 से पहले तिरंगा नहीं लगाया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका का घेराव करेंगे।
इसके अलावा कांग्रेस पदाधिकारियों ने भीषण गर्मी को देखते हुए तिलहर तिराहे पर खराब पड़े वाटर फ्रीजर को तत्काल ठीक कराने तथा नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में लगाए गए सभी खराब वाटर फ्रीजरों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की भी मांग की, ताकि राहगीरों और नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
अधिशासी अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाई गई सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में डॉ. जाने आलम, चांद अंसारी, दानिश शेख, अफजाल हुसैन खान, सुलभ वर्मा, मोहम्मद शोएब, इमरान, मोहम्मद मुशीद, मोहम्मद इरशाद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।