अल्लाहगंज डाकघर में 27 जुलाई से शुरू होगी आधार सेवा, डीएम ने दिए व्यवस्था सुधार के निर्देश।
शाहजहांपुर, 16 जुलाई। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार नामांकन एवं अद्यतन सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आधार सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आमजन के लिए सुलभ बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अल्लाहगंज क्षेत्र में आधार सेवाओं की समस्या पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने डाक विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 27 जुलाई से अल्लाहगंज डाकघर में आधार नामांकन एवं संशोधन सेवाएं शुरू की जाएं। डाक विभाग ने बताया कि यहां 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के नए आधार कार्ड बनाए जाएंगे, जबकि इससे अधिक आयु के लोगों के आधार कार्ड में संशोधन की सुविधा उपलब्ध होगी।
जिलाधिकारी ने आधार केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीनों की संख्या बढ़ाने, यूआईडीएआई के टोल फ्री नंबर 1947 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा निःशुल्क एवं सशुल्क सेवाओं की स्पष्ट जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) अभियान में तेजी लाने, 0 से 5 वर्ष के बच्चों का अधिक से अधिक आधार नामांकन कराने तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के आधार आवेदनों का 45 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही 100 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के मामलों को प्राथमिकता देने और लंबित यूडीआईएसई मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क उपलब्ध है। वहीं, 7 से 15 वर्ष की आयु के बीच बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा 30 सितंबर 2026 तक मुफ्त रहेगी। अन्य मामलों में बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये तथा अलग से डेमोग्राफिक अपडेट के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित है।
दस्तावेज अपडेट की सुविधा ‘माय आधार’ पोर्टल पर निर्धारित अवधि तक निःशुल्क उपलब्ध है, जबकि आधार सेवा केंद्र पर दस्तावेज अपडेट कराने के लिए 75 रुपये शुल्क देना होगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।