भूजल सप्ताह-2026 का शुभारंभ, जल संरक्षण के लिए जागरूकता वाहन रवाना।

शाहजहांपुर, 16 जुलाई। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 16 से 22 जुलाई तक मनाए जा रहे भूजल सप्ताह-2026 के तहत गुरुवार को शाहजहांपुर में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के प्रति जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो सप्ताहभर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही भूजल स्तर को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन अपनाने, पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जल संरक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भूजल सप्ताह की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” रखी गई है।
प्रचार-प्रसार वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, जल संरक्षण के उपायों तथा भूजल सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देगा। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर अभियान से जोड़ना है।
भूजल सप्ताह के दौरान शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत, विकास खंड, नगर पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम एवं जनपद स्तर पर जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पौधारोपण, जनजागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, कार्यशाला सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, सीनियर हाइड्रोजियोलॉजिस्ट सौरभ साह, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।