सर्पदंश से मृत महिला के परिजनों को मिली ₹4 लाख की राहत, जिलाधिकारी ने सौंपा चेक।

शाहजहांपुर, 17 जुलाई। सर्पदंश से मृत महिला के परिजनों को लंबे समय से लंबित आपदा राहत राशि आखिरकार मिल गई। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर बैंक संबंधी तकनीकी त्रुटि का समाधान कर लाभार्थी को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार तहसील तिलहर के ग्राम सैदापुर निवासी स्वर्गीय श्रीमती कुसुमा देवी पत्नी रामदास की सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। शासन की दैवीय आपदा राहत योजना के तहत उनके विधिक वारिस रामदास पुत्र ज्वाला प्रसाद को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई थी। हालांकि बैंक खाते के आईएफएससी कोड में त्रुटि होने के कारण यह धनराशि लाभार्थी के खाते में पहुंचने के बजाय बैंक ऑफ बड़ौदा की गुजरात शाखा में स्थानांतरित हो गई थी।
मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर धनराशि वापस प्राप्त की और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, शाहजहांपुर के माध्यम से चेक के जरिए भुगतान सुनिश्चित कराया।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार की उपस्थिति में लाभार्थी रामदास को ₹4 लाख की सहायता राशि का चेक सौंपा गया।