अवैध तमंचा और दो कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, सदर बाजार पुलिस की कार्रवाई।
शाहजहाँपुर, 17 जुलाई 2026। जनपद में अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर बाजार पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सदर बाजार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के लकड़ी पुल के पास घेराबंदी कर प्रवेश पुत्र उमेश दास (24 वर्ष) निवासी ग्राम कन्नौदी, थाना अन्टरगंज, जनपद छत्रा (झारखंड) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुए।
इस संबंध में थाना सदर बाजार पर मु.अ.सं. 359/2026 के तहत धारा 3/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार, हेड कांस्टेबल शहनवाज आलम तथा कांस्टेबल बिट्टू कुमार शामिल रहे।