पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान को लेकर एसपी ने की बैठक।

शाहजहाँपुर, 17 जुलाई। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में जनपद के पुलिस पेंशनर्स के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस पेंशनर्स पुलिस परिवार के सम्मानित और अभिन्न सदस्य हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से वर्तमान पुलिस बल को निरंतर सीख और प्रेरणा मिलती है।
बैठक के दौरान पुलिस पेंशनर्स ने अपनी समस्याएं, सुझाव और अनुभव साझा किए। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस पेंशनर्स के हितों और कल्याण से जुड़े प्रत्येक विषय पर जनपदीय पुलिस पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
बैठक का उद्देश्य पुलिस पेंशनर्स के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा पुलिस परिवार के बीच आपसी समन्वय और सम्मान की भावना को और मजबूत बनाना रहा।