जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए आवश्यक निर्देश
शाहजहांपुर, 20 जुलाई। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को डीएम कंपाउंड परिसर स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ईवीएम के सुरक्षित रखरखाव से जुड़े सभी सुरक्षा बिंदुओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने वेयरहाउस में अग्निशमन व्यवस्था, सुरक्षा गार्डों की तैनाती सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में लगे अग्निशमन यंत्र एवं अन्य सुरक्षा उपकरण हर समय पूरी तरह क्रियाशील रहें तथा उनकी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।