शाहजहांपुर में उर्वरकों की नहीं है, किसानों को मांग के अनुरूप मिलेगा यूरिया : डीएम।
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को कलेक्ट्रेट में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कृषि अधिकारी और सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता ने जनपद में उर्वरकों के स्टॉक और वितरण की स्थिति की जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में 36,128 मीट्रिक टन यूरिया और 18,690 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध हैं। निजी बिक्री केंद्रों पर 3,210 मीट्रिक टन यूरिया तथा 16,313 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक का स्टॉक है। वहीं खरीफ 2026 के दौरान निजी केंद्रों से 41,742 मीट्रिक टन यूरिया और 5,354 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक का वितरण किया जा चुका है।
सहकारी क्षेत्र में 4,024 मीट्रिक टन यूरिया और 2,377 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध हैं। खरीफ सीजन में सहकारी समितियों के माध्यम से अब तक 29,531 मीट्रिक टन यूरिया एवं 5,274 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक का वितरण किया जा चुका है। वर्तमान में सहकारी बिक्री केंद्रों पर 4,400 मीट्रिक टन यूरिया तथा 2,800 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक वितरण के लिए उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की मांग के अनुसार प्रति हेक्टेयर सात बोरी यूरिया उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बफर गोदामों से सहकारी समितियों को अधिक से अधिक उर्वरक भेजने और जरूरतमंद बटाईदार किसानों को ओटीपी सत्यापन के बाद नियमानुसार उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने सभी सहकारी समितियों पर रोस्टर, उपलब्ध स्टॉक, उर्वरकों की दरें और समिति के खुलने के दिन स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि जनपद में यूरिया और फास्फेटिक उर्वरकों की लगातार रैक पहुंच रही हैं और फिलहाल किसी प्रकार की कमी नहीं है।उर्वरक संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम के 8429400522 एवं 8429400585 नंबरों पर प्रातः 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।