विधायक सलोना कुशवाहा ने अधिशासी अभियंता को लिखा पत्र।
शाहजहांपुर, 21 जुलाई। तिलहर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती सलोना कुशवाहा डा० राम सिंह कुशवाहा ने, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड तिलहर को पत्र भेजकर क्षेत्र में अलग औद्योगिक (इंडस्ट्रियल) विद्युत लाइन के निर्माण तथा ग्रामीण विद्युत लाइनों की मरम्मत कराने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि विधानसभा क्षेत्र 133 तिलहर में औद्योगिक विकास और स्थानीय उद्योगों को सुचारु विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए अलग औद्योगिक विद्युत लाइन का निर्माण कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के कारण उद्योगों को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के खंभों के बीच अधिक दूरी होने और विद्युत लाइनें जर्जर होने के कारण बार-बार फॉल्ट की समस्या उत्पन्न होती है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विधायक सलोना कुशवाहा ने अधिशासी अभियंता से इस प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए आवश्यक सर्वे एवं तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर औद्योगिक विद्युत लाइन का निर्माण तथा ग्रामीण विद्युत लाइनों की मरम्मत शीघ्र कराने और की गई कार्रवाई से अवगत कराने का अनुरोध किया।