मुख्यमंत्री आवास योजना से बदली लीलावती की जिंदगी, कच्चे घर से मिली पक्के आशियाने की सौगात।
शाहजहांपुर, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने जनपद शाहजहांपुर की श्रीमती लीलावती के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। विकास खंड पुवायां की ग्राम पंचायत जटियापुर बुजुर्ग निवासी श्रीमती लीलावती, पत्नी स्वर्गीय केशवलाल, कभी जर्जर और कच्चे मकान में रहने को मजबूर थीं। बरसात के दिनों में उनके घर की छत टपकती थी, जिससे परिवार को हर मौसम में कठिनाइयों और असुरक्षा का सामना करना पड़ता था।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था। ऐसे में मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र पाए जाने पर उन्हें 1.20 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इस सहायता से उन्होंने अपना पक्का और सुरक्षित घर बनवाया।
नया आवास बनने के बाद परिवार को सुरक्षित रहने की सुविधा के साथ-साथ बिजली, स्वच्छ पेयजल, रसोई गैस और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी लाभ मिला। अब उनका परिवार सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन कर रहा है तथा बरसात और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों से काफी हद तक राहत मिल गई है।
श्रीमती लीलावती ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि अब वे अपने पक्के घर में सम्मान और आत्मविश्वास के साथ रह रही हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है और हजारों जरूरतमंद परिवारों के अपने घर का सपना पूरा कर रही है।