मिशन शक्ति संवाद: समाज बदलेगा तो बेटियां और महिलाएं होंगी अधिक सुरक्षित–डीएम।
शाहजहांपुर, 23 जुलाई। कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित संवाद कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज की सोच बदलने से सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी तथा एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला पुलिसकर्मी और सामाजिक संगठनों की प्रतिनिधि उपस्थित रहीं।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने का एक व्यापक प्रयास है। उन्होंने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समाचार माध्यम सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन के साथ मिलकर महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य करने वाली 18 महिलाओं को सम्मानित किया और उनके योगदान की प्रशंसा की।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि वर्ष 2019 के बाद शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान ने महिला सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से पुलिस की संवेदनशील और सहयोगी छवि मजबूत हुई है तथा बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की नियुक्ति से महिलाओं से जुड़े मामलों के निस्तारण में प्रभावशीलता बढ़ी है। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों से सम्मान को नई जिम्मेदारी मानते हुए और बेहतर कार्य करने का आह्वान किया तथा घरेलू हिंसा जैसी समस्याओं की रोकथाम में समाज के सहयोग की अपील की।
नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब समाज, स्वयंसेवी संस्थाएं और जागरूक नागरिक मिलकर इसे जन-जन तक पहुंचाएंगे। महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए सभी वर्गों को सामूहिक प्रयास करने होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने 14 से 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों से पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने घोषणा की कि यदि 40 से 45 बालिकाओं का समूह तैयार किया जाता है तो प्रशासन विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित करेगा।
कार्यक्रम में उड़ान संस्था की डॉ. संगीता मोहन ने बताया कि उनके पास 55 बालिकाओं का ऐसा समूह तैयार है, जिनके अभिभावकों ने टीकाकरण के लिए सहमति दे दी है। इस पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को शीघ्र विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभिन्न विभागों की महिला अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और सामाजिक संगठनों से जुड़ी 18 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों ने महिला सशक्तिकरण के लिए आगे भी सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।