रायबरेली। आगामी चेहल्लुम एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को गदागंज थाना परिसर में थाना प्रभारी दयानंद तिवारी की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजियादारों, ग्राम प्रधानों, घाटों के पुजारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान धमधमा, जलालपुर धई, कुरौली बुधकर, दाऊदपुर गड़ाई, मीरापुर सहित विभिन्न गांवों के ताजियादारों से चेहल्लुम के जुलूस के मार्ग, समय और व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। पुलिस प्रशासन ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए दोनों पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए थाना क्षेत्र के गंगा घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। घाटों के पुजारियों से स्नान स्थलों की जानकारी लेते हुए संवेदनशील स्थानों पर बल्लियां लगवाने और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने कहा कि पर्वों के दौरान यदि कहीं भी किसी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
बैठक में उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव, उपनिरीक्षक अनिल शर्मा, उपनिरीक्षक विवेक सिंह, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।