राजमिस्त्री व मोची ट्रेड में आवेदन की अंतिम तिथि 26 जुलाई, पात्र अभ्यर्थी जल्द करें ऑनलाइन आवेदन।
शाहजहाँपुर। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, शाहजहाँपुर ने राजमिस्त्री एवं मोची ट्रेड में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम आवेदन प्राप्त होने के कारण पात्र अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 जुलाई 2026 निर्धारित की है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
विभाग के अनुसार आवेदन करने वाले अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के मूल निवासी होने चाहिए तथा उनकी न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना आवेदन की तिथि के आधार पर की जाएगी। योजना का लाभ पारंपरिक कारीगरों जैसे नाई, बढ़ई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, राजमिस्त्री, हलवाई, मोची और धोबी सहित अन्य हस्तशिल्प एवं पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को मिलेगा।
योजना के लिए किसी प्रकार की शैक्षिक योग्यता अनिवार्य नहीं है। एक परिवार से केवल एक सदस्य ही आवेदन का पात्र होगा। केवल जाति के आधार पर पात्रता नहीं मिलेगी, बल्कि आवेदक का पारंपरिक कारीगरी से जुड़ा होना आवश्यक है। इसके लिए ग्राम प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका या नगर निगम के संबंधित वार्ड सदस्य द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। हालांकि हस्तशिल्पी पहचान पत्र धारक परिवारों को यह प्रमाण पत्र देने की आवश्यकता नहीं होगी।
इच्छुक अभ्यर्थी www.msme.up.gov.in� एवं www.diupmsme.upsdc.gov.in� पर जाकर 26 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, शाहजहाँपुर या मोबाइल नंबर 9548515974 पर संपर्क किया जा सकता है।