रायबरेल गदागंज थाना परिसर में शनिवार को नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सुदामापुर ग्राम सभा के पूरे लाल का पुरवा निवासी उत्तरा देवी ने शिकायत करते हुए बताया कि विपक्षी द्वारा उनके घर के मुख्य द्वार के सामने घूरा डाला जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे गंदगी फैलने के साथ परिवार के लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने घूरा हटवाने की मांग की।
वहीं खजुरी गांव निवासी राम आधार तिवारी ने प्रार्थना पत्र देकर मुकदमे के दौरान किए गए कथित कब्जे को हटवाने की मांग की, ताकि भविष्य में दोनों पक्षों के बीच किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
समाधान दिवस में आए कुछ फरियादियों ने यह भी शिकायत की कि उनकी समस्याओं का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण उन्हें एक ही मामले में कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
इस अवसर पर गदागंज थाना प्रभारी दयानंद तिवारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।