शाहजहाँपुर: कटरा पुलिस ने अंतरराज्यीय अफीम तस्कर दबोचा, करीब 6 लाख रुपये की अवैध अफीम बरामद।
शाहजहाँपुर, 26 जुलाई। शाहजहाँपुर पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और थाना कटरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलोग्राम 927 ग्राम फाइन क्वालिटी की अवैध अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कटरा अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात करीब 10:43 बजे मुखबिर की सूचना पर ग्राम हुलास नंगला पुल के समीप सर्विस रोड से झारखंड के लातेहार जनपद निवासी मुस्ताक अंसारी (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.927 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इस मामले में थाना कटरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अफीम झारखंड के चंदवा निवासी अनूप से लेकर आया था और इसे बरेली निवासी रंजीत को देने जा रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अवैध रूप से अफीम की खरीद-फरोख्त कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।
पुलिस अब आरोपी द्वारा बताए गए अन्य तस्करों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है। संयुक्त कार्रवाई में थाना कटरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही।