तिलहर में कब्रिस्तान की ज़मीन पर अवैध कब्ज़े का आरोप, सहायक सर्वे वक्फ आयुक्त ने दिए पैमाइश के निर्देश।
शाहजहाँपुर। तिलहर नगर के ग्राम हिन्दू पट्टी स्थित कब्रिस्तान की रजिस्टर्ड वक्फ संपत्ति पर दबंगों द्वारा बुलडोजर (JCB) चलाकर अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सहायक सर्वे वक्फ आयुक्त, शाहजहाँपुर ने उप जिलाधिकारी (SDM) तिलहर को पत्र जारी कर त्वरित कार्रवाई और पैमाइश कराने के निर्देश दिए हैं।
तिलहर के मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी शिकायतकर्ता इरशाद खां पुत्र रहमत उल्ला ने 16 जुलाई 2026 को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि नगर के ग्राम हिन्दू पट्टी स्थित गाटा संख्या-139 (रकबा 0.45 डी०) वक्फ अभिलेखों में कब्रिस्तान वहीदुल्लागंज (वक्फ नं० 522) के नाम दर्ज है। इसके अलावा वक्फ नं० 521 और 528 भी इसी परिसर से सटे हुए हैं।
शिकायत के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को आरोपी पक्ष 10-15 अज्ञात असलहाधारियों और जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि स्थानीय पुलिस और असलहाधारियों के सहयोग से कब्रिस्तान का मुख्य गेट और बाउंड्रीवॉल तोड़ दी गई तथा वहां अवैध कब्जा कर नई दीवार का निर्माण कर लिया गया। विरोध करने पर शिकायतकर्ता और ग्रामीणों को जान-माल की धमकी दी गई।
शिकायत पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सहायक सर्वे वक्फ आयुक्त प्रसून राय द्वारा उप जिलाधिकारी तिलहर को भेजे गए पत्र (पत्रांक: 427/स०व०अ०/वक्फ/2026-27, दिनांक 24 जुलाई 2026) में स्पष्ट किया गया है कि वक्फ संपत्ति (वक्फ सं० 521, 522, 528 एवं गाटा सं० 139) की सुरक्षा हेतु तत्काल पैमाइश कराई जाए।
यदि पैमाइश में अवैध कब्जा पाया जाता है, तो उसे हटवाते हुए वक्फ एक्ट 1995 के प्रावधानों के तहत सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही थाना तिलहर प्रभारी को पत्र भेजकर मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।