डीएम ने किया एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, अभिभावकों से बेटियों को टीका लगवाने की अपील।

शाहजहांपुर, 31 जुलाई। जनपद में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, घूरन तलैया में फीता काटकर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी तथा 15 वर्ष की आयु पूर्ण न करने वाली सभी बालिकाओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जनपद में अब तक 8,032 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले यह वैक्सीन केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध थी, लेकिन अब जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने पात्र बालिकाओं के अभिभावकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
टीकाकरण अभियान में डॉ. रोशनी सक्सेना, एएनएम सलोनी मिश्रा, एएनएम ममता देवी और एएनएम नेहा शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद आसिफ तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से डॉ. आकांक्षा यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।