बदहाली के आंसू रो रही धमधमा गांव की सड़क, तीन वर्षों से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित
रायबरेली। विकास खंड दीनशाह गौरा के अंतर्गत आने वाले धमधमा गांव को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पिछले लगभग तीन वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ा है। सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और जगह-जगह गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ भर जाने से ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के समय कीचड़ में फिसलकर कई लोग गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों द्वारा अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने क्षेत्रीय विधायक सहित संबंधित अधिकारियों से कई बार सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि धमधमा गांव की इस जर्जर सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा बरसात के मौसम में होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।