प्रेमी की हत्या कर घर में दफनाया शव, बदबू आने पर खुला राज; पत्नी हिरासत में
रायबरेली। जिले के डलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे रजऊ मजरे मुस्तफाबाद बेलहनी गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने प्रेमी की हत्या कर दी और शव को घर के अंदर ही दफना दिया। कई दिनों बाद शव से बदबू आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, महिला रीता अपने मायके में प्रेमी अमित के साथ रह रही थी। इस दौरान उसका पति राम प्रकाश भी वहां आता-जाता था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर प्रेमी अमित और दंपति के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर अमित की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को घर के अंदर गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी तो आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की खुदाई कराई, जिसमें शव बरामद हुआ। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी महिला रीता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि पति राम प्रकाश की तलाश की जा रही है।