स्टे तार में उतरे करंट की चपेट में आकर भैंस की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर धई ग्राम सभा के पूरे कुम्हारन का पुरवा में बिजली के पोल में लगे स्टे तार में करंट उतरने से एक भैंस की मौत हो गई। भैंस की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गदागंज थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित तिरमख नाथ पुत्र विश्वनाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह अपने जानवर चरा रहा था। इसी दौरान पानी की टंकी के पास बिजली के पोल में लगे स्टे तार की चपेट में उसकी भैंस आ गई। तार में करंट उतरने के कारण भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
पीड़ित के मुताबिक मृत भैंस की कीमत करीब एक लाख रुपये थी। घटना से पीड़ित को आर्थिक नुकसान हुआ है तिरमख नाथ ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है।