गदागंज समाधान दिवस में राजस्व विभाग के अधिकारी रहे नदारद; व्यवस्था पर उठे सवाल
रायबरेली गदागंज थाना क्षेत्र में शनिवार को थाना प्रभारी बालेन्दु गौतम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। लेकिन राजस्व विभाग की लापरवाही और शिकायतों के समय पर निस्तारण नहीं होने से समाधान दिवस में फरियादियों की संख्या लगातार घटती नजर आ रही है। शनिवार को महज एक शिकायत ही दर्ज हुई।
फरियादियों का आरोप है कि समाधान दिवस में राजस्व विभाग के सक्षम अधिकारी अक्सर नदारद रहते हैं। वहीं, सभी लेखपालों के उपस्थित नहीं होने से राजस्व संबंधी शिकायतों का मौके पर समाधान नहीं हो पाता। शिकायतों के लंबे समय तक लंबित रहने के कारण लोगों का सरकारी व्यवस्था से भरोसा कम होता जा रहा है और फरियादी निराश होकर वापस लौटने को मजबूर हैं।
सबसे बड़ी विडंबना यह है कि समाधान दिवस का निर्धारित समय दोपहर दो बजे तक है, लेकिन आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले ही वहां से चले जाते हैं। ऐसे में दूर-दराज से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले फरियादियों को जिम्मेदार अधिकारियों के इंतजार में भटकना पड़ता है।
समाधान के बजाय बढ़ रही मायूसी
शासन की मंशा लोगों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है, लेकिन गदागंज में समाधान दिवस की स्थिति इसके उलट दिखाई दे रही है। राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति, लेखपालों की कम मौजूदगी और शिकायतों के लंबित रहने से समाधान दिवस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं फरियादियों ने उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने और लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने की मांग की है।