वसूली को लेकर आमने-सामने आए किन्नरों के दो गुट पुलिस ने समझाकर कराया मामला शांत
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र में वसूली को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों को थाने बुलाकर समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। एक पक्ष ने दूसरे गुट पर अपने क्षेत्र में आकर जबरन वसूली करने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पट्टी रहस कैथवल, थाना ऊंचाहार निवासी रामराज उर्फ आरके किन्नर ने गदागंज पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि लालगंज थाना क्षेत्र के बेहटा चौराहा निवासी हीना किन्नर, मुस्कान किन्नर समेत करीब 10 अज्ञात लोग दबंगई के बल पर उसके क्षेत्र में आकर वसूली करते हैं। रामराज का कहना है कि ऊंचाहार से बरारा तक उसका क्षेत्र निर्धारित है और वह तथा उसके साथी दूसरे गुट के क्षेत्र में जाकर वसूली नहीं करते हैं आरोप है कि दूसरे गुट के लोग बार-बार उसके क्षेत्र में आकर वसूली करते हैं। विरोध करने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी जाती है। वहीं, दूसरे पक्ष की हीना किन्नर ने रामराज पक्ष के लोगों पर खुद को फर्जी किन्नर बताकर वसूली करने का आरोप लगाया है इसी विवाद को लेकर गदागंज थाना क्षेत्र के बरारा में दोनों गुट आमने-सामने आ गए। इससे मौके पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझा-बुझाकर मामला शांत कराया थाना प्रभारी बालेन्दु गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाकर भेज दिया गया है। साथ ही दोनों गुटों को अपने-अपने क्षेत्र में रहने के लिए कहा गया है