दुर्गा पूजा को लेकर गदागंज थाने में पीस कमेटी की बैठक, पंडाल आयोजकों को दिए आवश्यक निर्देश
गदागंज। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को गदागंज थाना परिसर में थाना प्रभारी बालेंदु गौतम की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के आयोजक एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने पूजा पंडाल आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिन स्थानों पर पूर्व वर्षों में दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए जाते रहे हैं, उन्हीं स्थानों पर इस वर्ष भी पंडाल स्थापित किए जाएं। पंडालों की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आयोजक कमेटी के कुछ सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपें।
उन्होंने पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा आग से बचाव के लिए अग्निशमन की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही विसर्जन को लेकर भी आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रयोग नहीं किया जाएगा। निर्धारित गंगा घाट पर बालू खोदकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। सभी आयोजकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
बताया गया कि गदागंज थाना क्षेत्र के कुल 19 गांवों में दुर्गा पूजा पंडालों का आयोजन किया जाएगा। बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि हरिशंकर वर्मा, संतोष मौर्य, रामराज सैनी, राजू सिंह, आशीष तिवारी, शैलेंद्र तिवारी, आशीष सिंह, गुड्डू सिंह, धर्मेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा पंडाल आयोजक मौजूद रहे।