त्योहार से पहले अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस का बड़ा वार
सहजौरा गांव में छापेमारी, 410 किलो अवैध पटाखे बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार
रायबरेली। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायबरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में गुरुबख्शगंज थाना पुलिस ने सहजौरा गांव में छापेमारी कर करीब 410 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, अवैध रूप से पटाखों के भंडारण की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने सहजौरा गांव में दबिश दी। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए इस तरह की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और अवैध पटाखों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी